जिला हुआ प्रयागराज, रेलवे स्टेशन अब भी इलाहाबाद
पिछले वर्ष 20 अक्तूबर को इलाहाबाद हुआ था प्रयागराज
जंक्शन, सिटी और छिवकी स्टेशन अब भी इलाहाबाद के नाम पर
प्रयागराज। जिले का नाम भले ही प्रयागराज हो गया हो लेकिन जंक्शन रेलवे स्टेशन अभी भी इलाहाबाद ही है। हर रोज देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले लोग जंक्शन के रास्ते ही शहर में प्रवेश करते हैं। लेकिन स्टेशन पर प्रयागराज की जगह इलाहाबाद जंक्शन लिखा होना तमाम लोगों को चौंकाता है।
पिछले वर्ष कुंभ मेले के पूर्व ही योगी सरकार ने इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज कर दिया। तब 20 अक्तूबर 2018 को इसका नोटिफिकेशन भी जारी किया गया। इसके बाद तमाम सरकारी कार्यालयों प्रयागराज लिख दिया गया। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण जहां प्रयागराज विकास प्राधिकरण हो गया तो वहीं नगर निगम इलाहाबाद भी नगर निगम प्रयागराज बन गया। यहां तक कि एयरपोर्ट का नाम भी प्रयागराज एयरपोर्ट हो गया। लेकिन इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी, इलाहाबाद छिवकी रेलवे स्टेशन का नामकरण अब तक प्रयागराज नहीं किया। 20 अक्तूबर को इलाहाबाद का नामकरण हुए एक वर्ष का समय हो जाएगा। ऐसे में वर्ष भर में भी स्टेशनों का नाम प्रयागराज न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जंक्शन का नामकरण प्रयागराज करने का प्रस्ताव जीएम एनसीआर की ओर से रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। रेलवे बोर्ड ने वह फाइल गृह मंत्रालय भेज दी। अब गृह मंत्रालय से इसके एप्रूवल का इंतजार है।