All LHB raked trains including Prayagraj Express will increase coaches
प्रयागराज समेत सभी एलएचबी रैक वाली ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
0 हेड ऑन जेनरेशन के चलते शीघ्र हटाए जाएगा एक-एक पावर कार
प्रयागराज। लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) कोच से लैस उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन की प्रयागराज एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में जल्द ही एक अतिरिक्त कोच जुड़ जाएगा। एक कोच जुड़ने से यात्रियों को संबंधित ट्रेनों में अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध हो जाएगी। यह संभव होगा संबंधित ट्रेनों में लगे हेड ऑन जेनरेशन (एचओजी) से। रेलवे की तैयारी है कि अक्तूबर माह से एनसीआर जोन की एलएचबी रैक से लैस ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त कोच जोड़ दिया जाए।
दरअसल एनसीआर जोन के इलाहाबाद मंडल में एलएचबी से तमाम ट्रेनें लैस हो चुकी हैं। इसमें मुख्य रूप से प्रयागराज एक्सप्रेेस, कानपुर श्रमशक्ति एक्सप्रेस, कानपुर शताब्दी, इलाहाबाद-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस, इलाहाबाद-उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। इन सभी ट्रेनों में लगे पावर कार के स्थान पर एचओजी के माध्यम सभी कोच में बिजली देने की व्यवस्था रेलवे द्वारा शुरू की जाती है। पूर्व में इन ट्रेनों में लगे दोनों पावर कार से बिजली के माध्यम से लाइट, पंखे, एसी आदि चलाए जाते थे। अब इनकी उपयोगिता न रहने से रेलवे ने संबंधित ट्रेनों से एक-एक पावर कार हटाने का निर्णय लिया है। इसके स्थान पर संबंधित ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी या चेयर कार का एक-एक अतिरिक्त कोच जरूरत के हिसाब से लगाया जाएगा। मंडल के पीआरओ सुनील गुप्ता के मुताबिक एक पावर कार हटने से संबंधित ट्रेनों में एक अतिरिक्त कोच की भी गुंजाइश हो गई। शीघ्र ही संबंधित ट्रेनों से एक-एक पावर कार हटाकर उसमें स्लीपर या किसी अन्य श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ दिया जाएगा।