बाढ़ आने तक खुला रहेगा अक्षयवट
प्रयागराज। अक्षयवट के दर्शनों के लिए खुले रहने के संशय के बीच प्रयागराज मेला प्राधिकरण अफसरों ने बाढ़ आने तक अक्षयवट के खुला रहने की बात कही है। उनका कहना है कि इस बीच श्रद्घालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकेंगे। प्राधिकरण के जिम्मेदार अधिकारियों के मुताबिक अक्षयवट बंद करने संबंधी अभी कोई आदेश नहीं आया है। जब तक अक्षयवट मार्ग पर बाढ़ का पानी नहीं आता तब तक श्रद्घालु दर्शन के लिए किले के भीतर जा सकते हैं।
कुंभ के दौरान अक्षयवट खोलना श्रद्घालुओं के लिए बड़ी सौगात थी। कुंभ खत्म होने के बाद अक्षयवट दर्शन के फिर बंद हो जाने की अटकलें कई बार उठीं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसे खुलवाने की पहल करने की वजह से अधिकारियों के इसे बंद करने की हिम्मत नहीं हुई। बारिश के दौरान इसके दर्शन बंद होने की अटकलें फिर शुरू हो गई लेकिन प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जब तक अक्षयवट मार्ग पर आवाजाही संभव रहेगी, श्रद्घालुओं के दर्शनों के लिए मनाही नहीं होगी।