गले में मूंगफली का दाना फंसने से मासूम बालिका की मौत
घर में मचा कोहराम, हालत बिगड़ने पर कुंडा सीएचसी लेकर आए थे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। गले में मूंगफली का दाना फंसने से तीन साल की बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मच गया। घरवालों ने लाश को गांव में ही दफना दिया। बालिका की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के लौंदा निवासी विजय कुमार की तीन साल की बेटी सिमरन रविवार की शाम मूंगफली खा रही थी। मूंगफली का दाना अचानक उसके गले में फंस गया। जिससे कुछ ही देर में उसकी तबियत बिगड़ने लगी। यह देख परिजन उसे लेकर कुंडा सीएचसी भागे। यहां उपचार के दौरान सिमरन की सांसें थम गईं। यह देख परिजन बिलखने लगे। रात में परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया। सोमवार को दिन में परिजनों ने उसके शव को घर के करीब ही दफना दिया। कुंडा सीएचसी के चिकित्सक राकेश का कहना है कि परिवार के लोगों ने उसके गले में मूंगफली का दाना अटकने की बात कही थी। जिससे उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जब कोई पदार्थ सांस नली में जाकर फंस जाता है तो सांस लेने में दिक्कत होती है। ऐसी हालत में मौत भी हो जाती है। मासूम बालिका की मौत से हर कोई हतप्रभ है।