सांसद आजम खान द्वारा लोकसभा की पीठासीन सभापति रमा देवी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री ने हमला बोला है। शनिवार को प्रयागराज में प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि आजम खां द्वारा की गई टिप्पणी के लिए माफी बहुत छोटी चीज है। इसके लिए उन्हें न केवल दंडित किया जाना चाहिए, बल्कि उनके किसी भी सदन में प्रवेश को प्रतिबंधित करते हुए आजम की सार्वजनिक रूप से भर्त्सना भी की जानी चाहिए। क्योंकि इस तरह की हरकतें वे पहले भी कर चुके हैं।
रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सिद्धार्थनाथ ने कहा कि आजम को लगता है कि कानून के हाथ बहुत छोटे हैं। वह उन तक नहीं पहुंचेंगे। इसलिए वह इस तरह के भूमाफिया वाले कार्यों को अंजाम दे रहे थे। वह यह नहीं समझ पाए कि कानून के हाथ लंबे होते हैं जो देर से ही सही, लेकिन उन्हें पकड़ेंगे जरूर।
उन्होंने पूर्व सीएम अखिलेश यादव और आजम खान को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया। सेलिब्रिटीज के द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र को लेकर सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा यह कुछ चुनिंदा लोग हैं, जो हर बार ऐसा माहौल बनाते हैं कि देश में हर जगह आतंक फैला हुआ है, मॉब लिंचिंग हो रही है और हर जगह सांप्रदायिकता फैली हुई है, जबकि वास्तविकता इससे भिन्न है।