पंडों को खोजने में श्रद्धालुओं को छूट रहे पसीने
शिफ्टिंग की वजह से अपने पंडों और पुरोहितों को ढूंढने में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामनाम झंडा, सोना नारियल झंडा के अलावा दो तुमड़ी का झंडा निशान ढूंढने के लिए शुक्रवार को श्रद्धालु परेशान होते रहे। बाद में जब उन्हें राम घाट पर पंडों की शिफ्टिंग का पता चला, तब वहां वह पहुंच सके। तीर्थपुरोहित प्रदीप पांडेय ने बताया कि कर्मकांड और पूजा इन दिनों संगम पर नहीं हो रही है।
फिलहाल कर्मकांड रामघाट और काली घाट पर ही कराया जा रहा है। इस वजह से तीर्थयात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं। तीर्थपुरोहित राजमणि तिवारी, वैभव चंद्र मिश्र ने बताया कि संगम से चौकियां हटाए जाने के बाद माहौल अस्त-व्यस्त हो गया है। श्रद्धालु अपने पंडों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। छप्पर हटाए जाने की वजह से धूप में पिंडदान कराया जा रहा है। इस वजह से भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किला क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित
प्रयागराज। एयर शो के मद्देनजर किला के सामने नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किला क्षेत्र में सामान्य आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। शुक्रवार को वहां सेना के जवान तैनात कर दिए गए।