प्रयागराज मंडल में तैनात ट्रैक मेंटेनरों की ड्यूटी के घंटों का निर्धारण शुक्रवार को हो गया। नाॅर्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन एवं रेलवे अफसरों की पीएनएम (स्थायी वार्ता तंत्र) में तय हुआ कि अब प्रयागराज मंडल में ट्रैक मेंटेनर सिर्फ आठ घंटे की ही ड्यूटी करेंगे। जैसे ही वह अपना टूल्स बाक्स उठाएंगे उनकी ड्यूटी शुरू हो जाएगी। ट्रैक पर काम करने के बाद जब वह अपना टूल्स बाक्स जमा करेंगे तो उनकी ड्यूटी समाप्त होगी। इनकी ड्यूटी सूची वरिष्ठ खंड अभियंता रेल पथ तथा सहायक मंडल अभियंता के कार्यालय पर चस्पा होगी। उसी आधार पर यह अपनी ड्यूटी करेंगे।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुई पीएनएम में इस बात पर सहमति डीआरएम हिमांशु बडोनी की मौजूदगी में बनी। यूनियन की ओर से महामंत्री आरडी यादव ने रेल कर्मियों से जुड़ीं तमाम समस्याएं डीआरएम के समक्ष रखीं। उन्होंने आरसीटी में कार्यरत सभी ग्रुप सी व ग्रुप डी स्टाफ के लिए अलग से रेल आवास उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कहा कि मंडल में जितने भी निरस्त अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के मामले हैं उन पर फिर से विचार किया जाए। इस दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए अलीगढ़, प्रयागराज ,मानिकपुर, कानपुर टूंडला में कैंटीन एवं अन्य मनोरंजन सुविधाएं एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
बैठक में स्टेशनों पर महिलाओं के लिए शौचालय, कामन रूम, लंच रूम, रेलवे गेट 79 ए और 86 डी पर शौचालय, जीआरपी कालोनी व मालगोदाम कालोनी में आवंटन, कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने, कानपुर सेंट्रल पर नियमित साइकिल स्टैंड, हास्पिटल में कैंटीन आदि मांगों पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर मंडल मंत्री डीएस यादव, मनोज त्रिपाठी, आशीष कुमार, नागेंद्र बहादुर, एके सिंह, विजेंद्र सिंह, राजू प्रसाद, विक्रम सिंह, अनूप यादव, महेंद्र यादव, सत्यजीत, समर बहादुर आदि मौजूद रहे।