फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकल पकड़े जाने के बाद डीआईओएस-टू की टीम पर हमला

Mon, 23 Feb 2015 11:41 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी बोर्ड परीक्षा में जांच को पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वितीय की टीम पर नकल कराने वालों ने हमला कर दिया। सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में केन्द्रों पर अभिभावकों एवं नकल कराने वालों की भारी भीड़ जमा थी। डीआईओएस-टू आरएन विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ जैसे ही उतरांव क्षेत्र के बाला प्रसाद कुशवाहा इंटर कॉलेज की जांच के बाद निकले बाहर मौजूद भीड़ ने हमला कर दिया। टीम के सदस्य किसी प्रकार पथराव से बचते हुए भागकर निकले। इस केन्द्र की परीक्षा निरस्त, विद्यालय को डिबार करने के साथ ही काली सूची में डाल दिया गया है। पहली पाली में विज्ञान की परीक्षा में कुल 31 नकलची पकड़े गए। इसमें 14 छात्र एवं 17 छात्राएं शामिल हैं। दूसरी पाली में आठ नकलची पकड़े गए।
विज्ञापन


जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने बताया कि सोमवार को डीआईओएस टू आरएन विश्वकर्मा के नेतृत्व में टीम उतरांव, हंडिया क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण को गई थी। इस दौरान बाला प्रसाद कुशवाहा इंटर कॉलेज में नकल करते छात्रों के पकड़े जाने की खबर केन्द्र के बाहर आते ही अभिभावकों एवं नकल कराने वालों ने टीम पर हमला कर दिया। इस केन्द्र की परीक्षा निरस्त करने केसाथ केन्द्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उतरांव क्षेत्र के ही एक परीक्षा केन्द्र उमा शंकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमगढ़ा के कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। सामूहिक नकल पकड़े जाने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने मेजारोड के स्वामी अड़गड़ानंद इंटर कॉलेज को काली सूची में डालने के साथ पहली पाली की परीक्षा निरस्त कर दी गई। इस केन्द्र पर आरोप है कि परीक्षार्थियों से पैसे लेकर नकल कराई जा रही थी।

यूपी बोर्ड की ओर से परीक्षा केन्द्र बनाए गए विद्यालयों की मनमानी जारी है। कक्ष के भीतर नकल की छूट देने के नाम पर परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से वसूली हो रही है। पैसे का भुगतान नहीं करने पर केन्द्र व्यवस्थापक छात्रों एवं अभिभावकों को धमकी देने के साथ मारपीट कर रहे हैं। करछना के हीरा लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिनौता में केन्द्र व्यवस्थापक एवं एक कक्ष निरीक्षक ने परीक्षार्थी रवि सिंह की इस बात को लेकर 21 फरवरी को पिटाई कर दी थी कि वह पैसा नहीं दे रहा था। इस छात्र ने पैसा नहीं होने की बात कहकर बाद में पैसा देने के लिए कहा। इससे नाराज केन्द्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षक ने छात्र रवि सिंह को पीट दिया था। इस छात्र के चाचा शिवसागर सिंह ने सोमवार को करछना थाने में केन्द्र व्यवस्थापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई। यह छात्र बरांव के राजा मानवेन्द्र इंटर कॉलेज का छात्र है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें