प्रयागराज। जिले के दो थाने में आधी रात पहुंचे गुमनाम फरियादी ने पुलिसकर्मियों की नींद उड़ा दी। पुलिसकर्मियों ने रिस्पांस तो दिया लेकिन जब फरियादी के बारे में पता चला तो उनकी नींद उड़ गई। सामने एडीजी जोन को देखकर सिट्टी पिट्टी गुम हो गई। हालांकि त्वरित रिस्पांस देने के लिए जब उन्हें शाबाशी मिली, तो उनके चेहरे खिल उठे। एडीजी जोन प्रेम प्रकाश मंगलवार रात मातहतों की सक्रियता का रियलिटी चेक करने निकले। इस दौरान वह फरियादी बनकर पहले शिवकुटी और फिर नवाबगंज थाने पहुंचे। एडीजी जोन मंगलवार रात ठीक 11:25 पर शिवकुटी थाने में एक अन्य युवक के साथ फरियादी बनकर दाखिल हुए। वहां उन्होंने बताया कि उनके साथ मौजूद युवक का मजार तिराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। मौके पर मिले शिवकुटी इंस्पेक्टर महेश सिंह ने त्वरित रिस्पांस दिया और तुरंत दोनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। लेकिन, वहां एडीजी की एस्कॉर्ट टीम को देखकर उनके कदम ठिठक गए। पता चला कि यह एक रियलिटी टेस्ट था और फरियादी बनकर थाने पहुंचने वाले खुद एडीजी जोन हैं। इंस्पेक्टर की इस सक्रियता पर एडीजी ने उन्हें शाबाशी दी और भविष्य में भी इसी सतर्कता के साथ काम करने की सलाह देते हुए आगे बढ़ गए।
सजग मिला मुंशी, जोन पुलिस के मुखिया से मिली प्रशंसा
रात 12:30 बजे के करीब एडीजी जोन नवाबगंज थाने पहुंचे। बाहर दो गार्ड के अलावा कार्यालय में मुंशी राजेंद्र कुमार लिखा पढ़ी करता मिला। उसे बताया गया कि थाने से करीब एक किलोमीटर पहले सफारी सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया और वहां से भाग निकले। नाम पता नोट करने के बाद मुंशी ने फौरन सक्रियता दिखाते हुए फोन पर रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी और संबंधित चौकी को भी सूचना देकर चेकिंग के लिए कहा। तब तक रात्रिगश्त पर तैनात पुलिसकर्मी भी आ गए और घटनास्थल पर जांच के लिए जाने लगे। इसी बीच एडीजी जोन प्रेम प्रकाश की ओर से रियलिटी टेस्ट का पता चलने पर पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
मातहतों की सक्रियता जानने के लिए रात में एक रियलिटी चेक किया गया था। नवाबगंज व शिवकुटी थाने में किए गए रियलिटी चेक के दौरान दोनों ही थानों की फोर्स ने त्वरित रिस्पांस दिया, जिस पर पुलिसकर्मियों को शाबाशी दी गई।
प्रेम प्रकाश, एडीजी जोन