इलाहाबाद। कमिश्नर राजन शुक्ला से हुई बहस में बेहोश हुईं अपर आयुक्त (प्रशासन) कनक त्रिपाठी चार दिन की मेडिकल लीव पर चली गई हैं। मेडिकल लीव के आवेदन में उन्होंने कहा है कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए एसजीपीआई रेफर किया है। उधर, मंगलवार को लखनऊ में आयोजित पंचायत चुनाव की बैठक में शामिल होने गए कमिश्नर ने वहां उच्चाधिकारियों से मिलकर उनको पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया है।
सोमवार को कमिश्नरी में हुई घटना मंगलवार को दिनभर चर्चा का विषय बनी रही। कमिश्नर राजन शुक्ला शासन स्तर पर आयोजित पंचायत चुनाव की बैठक में शामिल होने के लिए सुबह ही लखनऊ रवाना हो गए। हालांकि उनके जाने से पहले अपर आयुक्त कनक त्रिपाठी की ओर से मेडिकल लीव का आवेदन उन तक पहुंचा दिया गया। कमिश्नर से इलाज कराने के लिए अपर आयुक्त को चार दिन की छुट्टी स्वीकृत कर दी। हालांकि कमिश्नर से झड़प में बेहोश हुईं अपर आयुक्त को सोमवार शाम ही बेली अस्पताल से रिलीव कर दिया गया था।
मंगलवार को उनकी जांच रिपोर्ट भी आ गई। डॉक्टर रिपोर्ट के बारे में आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि रिपोर्ट नॉर्मल है। फिलहाल इन तमाम विवादों के बीच अपर आयुक्त को एसजीपीजीआई में इलाज कराने के लिए छुट्टी मिल गई है। मंगलवार को वह दफ्तर भी नहीं आईं। अन्य अफसरों के दफ्तरों में भी सन्नाटा छाया रहा और दबी जुबान से सोमवार के घटनाक्रम पर चर्चा भी होती रही।
कुछ लोगों ने अपर आयुक्त को फोन कर उनका हालचाल जानने की कोशिश की लेकिन घर में परिवार के किसी और सदस्य ने फोन उठाया और बताया कि कनक त्रिपाठी की तबीयत ठीक नहीं है। वह अभी सो रही हैं। उधर, कमिश्नर राजन का कहना है कि लखनऊ में उन्होंने उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया है। साथ ही अपर आयुक्त की छुट्टी स्वीकृत कर दी है।