शहर भर का नक्शा बदलने का दावा करने वाले एडीए के अफसर पहुंच वालों पर कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं। भेदभाव का आलम यह है कि शहर के सबसे व्यस्त चौराहे जानसेनगंज के विस्तारीकरण का काम एक ‘माननीय’ की सिफारिश पर रोक दिया गया है। यहीं पूर्व सांसद अतीक अहमद के भाई अशरफ की पूरी बिल्डिंग जमीदोज की गई। दशकों पुराने निरंजन सिनेमा हाल का छज्जा रात में रास्ते सील कर तोड़ा गया, लेकिन सुंदरीकरण में बाधा बने निर्माण को ध्वस्त करने या कराने की हिम्मत अफसर नहीं जुटा पा रहे हैं।
शहर की सड़कों के चौड़ीकरण और चौराहों को संवारने के क्रम में राजरूपपुर में सैकड़ों निर्माण तोड़े गए। किसी का पूरा मकान गिराया तो किसी की दुकान ध्वस्त कर रोजी रोटी छीन ली। सूत्र बताते हैं कि राजरूपपुर तिराहे के पास एक पूर्व तहसीलदार का मकान चौड़ीकरण में बाधा बना है। अगल बगल कार्रवाई की गई लेकिन ‘साहब’ हैं कि उनकी धमक के आगे किसी की चलती नहीं। एडीए का दस्ता दस बार वहां गया, कभी फोन तो कभी हनक के कारण अफसर मातहतों संग बैरंग लौट आए। इसी तरह हिम्मतगंज में अभी भी दर्जनों पहुंच वालों के मकान उन लोगों के लिए पीड़ा बने हैं, जिनके निर्माण जेसीबी लगाकर तोड़े गए।
इसी तरह बैरहना में काली मंदिर हटाने के बाद विवादों में घिरे एडीए अफसर राजरूपपुर में ही चार धार्मिक स्थलों को सड़क से हटाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहै हैं। सोहबतियाबाग डॉट पुल के ठीक बगल चौड़ीकरण में बाधा बने मंदिर को शिफ्ट नहीं किया जा सका है। सिविल लाइंस बस अड्डे के सामने रास्ता बंद कर मंदिर के अगल बगल ध्वस्तीकरण करने वाले डीआरएम आफिस के ठीक सामने वाली सड़क के बीच का अतिक्रमण नहीं हटा पा रहे हैं। काम की सुस्त गति देखकर शहरियों की आम राय है कि एडीए अफसरों का डंडा सिर्फ कमजोरों पर चलता है, पहुंच वाले हैं या किसी ‘माननीय’ तक पहुंच है तो रास्ता बदल दिया जाएगा।
लूकरगंज की सड़क अब एडीए ही बनाएगा
इलाहाबाद। लूकरगंज में उखड़ी सड़कों से लोग परेशान हैं, लेकिन यहां काम करा रही संस्था एडीए विकास कार्य में लगी अन्य संस्थाओं को जिम्मेदार बता कर पल्ला झाड़ती रही है। जल निगम और गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने गिट्टी डालकर गड्ढे भरवाए। बात नहीं बनी तो परेशान लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने चक्काजाम किया तो वहां पहुंचे एसडीएम ने तीन दिन में सड़क चलने लायक बनाने का वादा कर लोगों को मनाया था। लोग फिर नाराज होकर आंदोलन न करें इसलिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मौके पर जाकर अन्य विभागों के अफसरों के साथ निरीक्षण किया। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि अब लूकरगंज की सड़क इलाहाबाद विकास प्राधिकरण ही बनवाएगा। एडीए ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। इसी के तहत शनिवार और रविवार को अग्रसेन कॉलेज के पास नालियों में फंसा मलबा निकलवा गया।