माफिया अतीक अहमद के शूटर अब्दुल कवि ने बुधवार को लखनऊ की अदालत में सरेंडर कर दिया। वह विधायक राजू पाल की हत्या 25 जनवरी 2005 के बाद से ही फरार चल रहा था। वह कौशांबी के सरायअकिल थाना क्षेत्र के भखंदा गांव निवासी है। उमेश पाल की हत्या के बाद पुलिस ने उसका मकान बुलडोजर से ढहा दिया था। उसका भाई कादिर भी गिरफ्तार कर लिया गया है और कई करीबियों सहित रिश्तेदार भी जेल भेजे गए हैं।
उसके मकान के ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ी संख्या में असलहे बरामद किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने गांव में उसके करीबियों और रिश्तेदारों के यहां भी छापेमारी कर बड़ी संख्या में लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी असलहों का जखीरा बरामद किया था। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित करते हुए उसके सिर पर 50 हजार का इनाम रखा है। ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद आखिरकार अब्दुल कवि ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अब पुलिस उसे प्रयागराज लाकर पूछताछ कर सकती है। पुलिस और एसटीएफ के अलावा सीबीआई भी उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।