इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) ने एक और आवासीय योजना बनाए जाने की तैयारी की है। एडीए ने कसारी मसारी और कालिंदीपुरम के पास तकरीबन 200 एकड़ जमीन पर आवासीय योजना के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित की है। यहां एडीए वीसी भी जमीन का मुआयना कर चुके हैं। अब एडीए ने जमीन अधिग्रहण संबंधी कार्रवाई की तैयारी शुरू की है।
दरअसल पिछले दिनों ही एडीए अफसरों द्वारा कसारी-मसारी और कालिंदीपुरम क्षेत्र में खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया गया था। इसके बाद तय हुआ कि यहां आवासीय योजना बनाई जाए। इस भूखंड में एडीए द्वारा बहुमंजिली आवासीय योजना बनाने की तैयारी की गई है। यहां ईडब्ल्यूएस, एलआईजी के साथ टू बीएचके एवं थ्री बीएचके फ्लैट बनाए जाएंगे। एडीए सचिव अजय अवस्थी का कहना है कि जमीन फाइनल होने के बाद ही यहां आवासीय योजना बनाई जाएगी। इसके पूर्व एडीए की ओर से लोगों की आवासीय जरूरतों के मद्देनजर बीते कुछ सालों के दौरान दर्जन भर से ज्यादा आवासीय योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। कुछ योजनाओं के एक से दो वर्ष में पूरा होने की उम्मीद है। कालिंदीपुरम क्षेत्र की ही बात करें तो यहां वसुधा विहार, सुगम विहार, मौसम विहार, सृजन विहार, जागृति विहार, बुद्ध विहार, मंगल विहार आवासीय योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। मौसम विहार योजना में कुछ फ्लैट रिक्त है। इसके लिए एडीए ने पंजीकरण शुरू किया है। इसी तरह झूंसी क्षेत्र में सरस विहार, डिवाइन अपार्टमेंट का भी एडीए काम पूरा कर चुका है। इसी तरह गोविंदपुर में अलकनंदा एवं नैनी में यमुना विहार योजना का भी निर्माण कार्य एडीए करवा रहा है। यमुना विहार योजना में 1152 फ्लैट बनने हैं, इसमें से 192 तैयार हो चुके हैं।
कुंभ के मद्देनजर एडीए द्वारा किए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्य अब दिखने लगे हैं। कुंभ के लिए एडीए प्रमुख सड़कों पर सेंट्रल लाइटिंग लगवा रहा है। वर्तमान समय बालसन चौराहे से जीटी जवाहर लाल नेहरू रोड, स्टेनली रोड में यह काम तकरीबन पूरा हो चुका है। इसके लगाने के बाद संबंधित सड़क की खूबसूरती भी बढ़ गई है। इसी तरह एडीए ने धूमनगंज में भी सेंट्रल लाइटिंग लगाने का काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा शहर के 25 प्रमुख चौराहों पर एडीए द्वारा ट्रैफिक सिग्नल लगाने का भी काम शुरू किया जाएगा। हालांकि कुछ चौराहों पर पहले से लगे सिगनल को अपग्रेड भी किया जाएगा। अक्तूबर 2018 तक यह सारा काम पूरा करने की एडीए ने तैयारी की है।