अल्लापुर में मटियारा रोड पर नाले के ऊपर बने स्लैब को हटाने के दौरान शनिवार को खासा हंगामा हुआ। लोगों ने नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते को घेर लिया। इस दौरान नगर निगम कर्मचारियों से खूब बहस भी हुई। कर्मचारियों को पीटने तक की धमकी दी गई। मामला बढ़ता देख जार्जटाउन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने के बाद ही मामला शांत हुआ। इसके बाद ही यहां नाले के ऊपर बने स्लैब को तोड़ा जा सका।
दरअसल, अल्लापुर में पिछले दिनों नाले के ऊपर हुए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया था। इस बीच किन्हीं कारणों से यह काम रुक गया था। बाद में पिछले सप्ताह हुई बारिश के दौरान तमाम स्थानों पर नाले के ऊपर बने स्लैब की वजह से बारिश के पानी को निकलने में समस्या हुई। आने वाले दिनों में बारिश के दौरान समस्या न हो इसके लिए शनिवार सुबह आठ बजे जोनल अफसर मुन्नाराम के नेतृत्व में एक टीम मटियारा रोड पहुंची। यहां नाले पर बने स्लैब को एक-एक करके तोड़े जाने लगा।
यहां एक स्थान पर नाले के ऊपर तकरीबन 15 फीट का स्लैब तोड़ने के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने वाले लोगों ने नगर निगम के दस्ते को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान जमकर बहस हुई। जोनल अफसर ने इसकी सूचना जार्जटाउन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां लोगों को शांत कराया। जोनल अफसर ने बताया कि कुछ स्थानों पर नाले के ऊपर दो-दो स्लैब थे। इस वजह से पानी की निकासी अवरुद्ध थी। आज स्लैब हटाने के साथ नाले में गिरा मलबा भी उठाया गया। इस दौरान नाला साफ करने वाली टीम ने सिल्ट भी निकाली। मौके पर ही तमाम स्थानों से सिल्ट उठा ली गई।