prayagraj news : नीरज जायसवाल (फाइल फोटो)।
- फोटो : prayagraj
शिवकुटी में कपड़ा व्यवसायी नीरज जायसवाल की हत्या में फरार जीशान अतीक अहमद के गुर्गे का करीबी निकला। जांच पड़ताल के दौरान यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में धूमनगंज के कई क्षेत्रों में दबिश दी। लेकिन वहां उसके रिश्तेदारों के घर भी ताला लटका मिला। उधर, पुलिस उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी कराने की भी तैयारी में है।
मेहंदौरी निवासी कपड़ा व्यवसायी नीरज की 10 दिसंबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में क्षेत्र के ही जीशान को नामजद करते हुए परिजनों ने आरोप लगाया कि दो साल पहले अपने चाचा वसीम की हत्या का बदला लेने के लिए उसने वारदात की। घटना के बाद से ही फरार चल रहे जीशान की तलाश में जुटी पुलिस को चोंकाने वाली जानकारी मिली। पता चला कि जीशान अतीक अहमद के करीबी एजाज अख्तार का रिश्तेदार है। बता दें कि एजाज अल्कमा सुरजीत दोहरे हत्याकांड में अतीक संग नामजद है।
पिछले साल जौनपुर से पेशी पर लाए जाने के दौरान लौटते वक्त उसने शिवकुटी इलाके से ही अपने रिश्तेदारों की मदद से भागने की कोशिश की थी। लेकिन सुरक्षा में लगे सिपाहियों ने उसे दबोच लिया था। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को धूमनगंज के उमरी व पोंगहट पुल के पास रहने वाले उसके रिश्तेदारों के घर दबिश दी। चौंकाने वाली बात यह कि वहां जीशान तो नहीं ही मिला, कई रिश्तेदारों के घर भी ताला लटकता मिला। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। उधर पुलिस उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कराने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी न होने पर जल्द ही इसके लिए कोर्ट में अर्जी दी जा सकती है।