सरायइनायत थाना क्षेत्र के नसीरापुर गांव में मंगलवार की शाम जिस अधेड़ को ईंट से कूंचकर अधमरा किया गया था। उसकी उपचार के दौरान देर रात को अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी गुलाब बनवासी (40) पुत्र फौजदार की पत्नी फोटो देवी ने आरोप लगाया है कि उसके पति को मंगलवार ही दोपहर 12 बजे गांव का शिवजीत उर्फ भेड़ा यादव निवासी थरवई लेकर गया था। शाम तक जब पति गुलाब घर नहीं लौटे तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। तभी उन्हें पता चला कि आरोपी उसे मारपीट कर अधमरा करने के बाद फरार हो गया।
गुलाब चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वह सूरत में प्राइवेट काम करते थे। कुछ समय पहले ही घर आए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व एससी-एसटी की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है।
मंगलवार को रामापुर गांव निवासी गुलाब नसीरापुर गांव में कान्हा पार्किंग के पीछे की गली में गंभीर हालत में पड़े थे। अज्ञात हमलावरों ने उसका सिर ईंट से कूंचकर अधमरा कर दिया था। उसके सिर और अन्य जगहों से खून बह रहा था। कुछ देर बाद सुअर चरा रहे भागीपुर गांव के एक युवक की नजर उसपर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी।
एसओ सरायइनायत संजय गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जख्मी हालत में अधेड़ को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा एट बनी और बाद में हालत गंभीर होने पर एसआरएन रेफर कर दिया गया। एसआरएन में देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसओ संजय गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने बताया कि मृतक गुलाब आए दिन शराब के नशे में उससे गालीगलौज करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 दिन पहले दोनों के मारपीट भी हुई थी। इसी खुन्नस खाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, गुलाब को मारने से पहले शराब भी आरोपी ने ही पिलाई थी।