नैनी। रीवा राजमार्ग पर चक्काजाम किए हुए लोग।
- फोटो : रेलवे
रीवा राजमार्ग स्थित फव्वारा चौराहे के पास बृहस्पतिवार दोपहर रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वह पति के साथ दवा लेने जा रही थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने राजमार्ग पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। ऊरई डिपो की बस पर पथराव भी किया।
घूरपुर थाना क्षेत्र के जसरा ततारगंज निवासी शिवकली (48) पति शिव प्रसाद विश्वकर्मा के साथ बृहस्पतिवार दोपहर डांडी स्थित एक क्लीनिक में दवा लेने के लिए आई थीं। इस दौरान फव्वारा चौराहे के पास लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, इससे दंपती सड़क पर गिर गए। इसके बाद बस शिवकली को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। उनके शरीर का अधिकांश हिस्सा सड़क पर बिखर गया।
जानकारी होने पर परिवार के साथ ही बड़ी संख्या में परिचित मौके पर पहुंचे और राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मृतक का बड़ा बेटा अधिवक्ता कापेश विश्वकर्मा मौके पर डीएम को बुलाने, बस चालक के खिलाफ मुकदमा और 20 लाख मुआवजा देने की मांग करने लगा। एसीपी करछना वरुण कुमार ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सरकारी मदद दिलाने का वादा किया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म किया।
घटना के बाद चालक कुछ दूर आगे सड़क पर बस खड़ी कर वहां से भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। कापेश ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
पुलिसकर्मियों से परिजनों की हुई बहस
चक्काजाम के दौरान पुलिसकर्मी शव हटाकर यातायात सुचारु कराने की बात कह रहे थे। परिजन पहले एफआईआर और मौके पर डीएम या एसडीएम के आने के बाद शव हटाने की जिद पर अड़े थे। इसी दौरान एक एसआई ने तेज आवाज में बात की तो परिजन आक्रोशित हो गए और धक्कामुक्की करने लगे। तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से स्थिति को संभाला। जाम की सूचना पर नैनी के साथ घूरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
नैनी। रीवा राजमार्ग पर चक्काजाम किए हुए लोग।- फोटो : रेलवे