उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने 27 व 28 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय (केंद्रीयित) सेवा सहायक कुलसचिव परीक्षा-2024 के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बृहस्पतिवार को जारी कर दिए।
सहायक कुलसचिव के 38 पदों के लिए 6569 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यह परीक्षा प्रयागराज में आयोजित की जाएगी। 27 अप्रैल को सुबह 9.30 से 12.30 बजे के सत्र में सामान्य अध्ययन व अपराह्न दो से शाम पांच बजे के सत्र में सामान्य हिंदी, सारांश आलेखन व निबंध की परीक्षा होगी। वहीं, 28 अप्रैल को सुबह 9.30 से 12.30 बजे के सत्र में उत्तर प्रदेश वित्तीय नियम एवं कार्यालय प्रक्रिया संबंधी नियम की परीक्षा होगी।
पहले सत्र के अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 से 8:45 बजे तक व दूसरे सत्र के अभ्यर्थियों को अपराह्न 12:30 से 1:15 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय के अनुसार अभ्यर्थी अपने ओटीआर नंबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश पत्र व अनुदेश डाउनलोड करके प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र में नियत तिथि व समय पर दो फोटो एवं आईडी प्रूफ की मूल व छायाप्रति साथ लेकर पहुंचें।
कुलसचिव पद के लिए 25 तक मांगे अनुभव प्रमाणपत्र
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक अन्य विज्ञापन के तहत कुलसचिव पद पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से अनुभव प्रमाणपत्र मांगे हैं। इसके लिए आयोग की ओर से दो अलग-अलग प्रारूप जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रारूप-1 पर स्नातक एवं स्नातकोत्तर के पूर्णांक, प्राप्तांक, प्रतिशत का उल्लेख करना है और प्रारूप-2 पर विभागाध्यक्ष/कार्यायलयाध्यक्ष से निर्गत अनुभव प्रमाणपत्र 25 अप्रैल शाम पांच बजे तक पंजीकृत डाक/स्पीड पोस्ट से या हाथों-हाथ आयोग कार्यालय में जमा करना है।