इलाहाबाद। सैदाबाद के बिझवनिया मतदान केंद्र के बाहर बूथ लेबल अफसर (बीएलओ) सुभाष चंद्र पासी को जमकर पीटा गया। वहां पुलिस मौजूद थी लेकिन वह बीएलओ को पिटते देखती रही। ग्रामीणों ने ही बीचबचाव कर बीएलओ को बचाया। घटना की खबर सुनकर बाद में सेक्टर मजिस्ट्रेट पहुंचे तो वह बीएलओ की बात सुनने के बजाय उस पर भड़क गए, जिसके बाद बीएलओ ने दबाव में लिखकर दे दिया कि उसे मामले में कोई कार्रवाई नहीं करनी है।
बीएलओ सुभाष चंद्र पेशे से शिक्षा मित्र हैं ओर बिझवनिया गांव में ही रहता है। पिटने के बाद सुभाष एक पार्टी के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया। बीएलओ का आरोप है कि उन्हें कुछ वोटरों की पर्चियां तुरंत बनाने के लिए मजबूर किया गया और जब उन्होंने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। हालांकि घटना के बाद वहां पहुंचे अफसर जब बीएलओ पर ही बरस पड़े तो बीएलओ ने लिखकर दे दिया कि उन्हें इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करनी है। घटनास्थल से महज 20 कदम की दूरी पर ग्राम प्रधान का घर है। मारपीट के दौरान मौके पर भीड़ भी लगी थी। लोगों ने बीएलओ को पिटते देखा लेकिन जब उनसे बात करने की कोशिश की गई तो सबने यही कहा कि घटना के वक्त घर में थे। उन्होंने कुछ नहीं देखा। इस मामले में डीएम राजशेखर का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी। तफ्तीश कराने पर मालूम हुआ कि गांव में बीएलओ का किसी से व्यक्तिगत विवाद था, जिसके कारण झगड़ा हुआ।