ठगों ने एक व्यवसायी के एटीएम कार्ड का पासवर्ड जानकर रात में 95 हजार रुपये की ऑन लाइन खरीदारी कर डाली। इंटरनेट के जरिए हुई खरीदारी का पता जब व्यवसायी को चला तो उनके होश उड़ गए। हंडिया थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
हंडिया के दुबकी खुर्द गांव निवासी धर्मेंद्र यादव और मिथिलेश यादव सगे भाई हैं। दोनों अहमदाबाद में रहकर घी का व्यवसाय करते हैं। धर्मेंद्र घरेलू काम से कुछ दिन पहले गांव आया। बृहस्पतिवार को मिथिलेश ने अहमदाबाद में धर्मेंद्र के खाते में सवा लाख रुपये डाले। धर्मेंद्र हंडिया स्थित एटीएम बूथ पहुंचा।
अंदर करीब आधा दर्जन लोग पहले से ही मौजूद थे। धर्मेंद्र ने दस हजार रुपये निकाले। कुछ देर बाद उसने फिर पांच हजार रुपये निकाले। इसके बाद शुक्रवार की सुबह वह फिर रुपये निकालने पहुंचा तो पता चला कि उसके खाते से 95 हजार निकाले जा चुके हैं। वह हैरान रह गया। उसने तुरंत मिथिलेश को बताया।
जांच हुई तो पता चला कि किसी ने उसके कार्ड का नंबर और पासवर्ड जानकर 95 हजार की आनलाइन खरीदारी कर डाली। धर्मेंद्र ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।