प्रयागराज। कोरोना मरीजों की संख्या में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है। बुधवार को 75 नए संक्रमित मिले। वहीं एसआरएन अस्पताल में कोरोना पीड़ित 44 वर्ष की एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला हृदय रोग से पीड़ित थी। परिजनों ने पहले निजी अस्पताल ले गए थे। वहां जांच में वह कोरोना संक्रमित मिलीं। जिसके बाद 6 फरवरी को उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया था।
वहीं दूसरी ओर संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 137 रही। इसमें होम आइसोलेशन पूरा करने वालों की संख्या 133 है। जबकि चार लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। नए संक्रमितों में एसबीआई नैनी के क्लर्क समेत अन्य लोग शामिल हैं। टीमों ने बुधवार को 6873 की जांच की। वहीं, कोरोना से बचाव के लिए बुधवार को 31821 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों की संख्या 9,942 रही। प्रीकॉशन डोज लेने वालों में हेल्थ वर्कर 140 और फंट लाइन वर्कर 286 शामिल हैं। 60 साल से अधिक उम्र के लोगों में प्रीकॉशन डोज लेने वालों की संख्या 334 रही।