3 train rakes with 2 km long train
- फोटो : twitter
देश के सर्वाधिक व्यस्त मंडलों में एक इलाहाबाद मंडल में ट्रेनों की संख्या में एक बार फिर से वृद्धि दर्ज हुई। मंडल में औसतन हर रोज 609 ट्रेनें संचालित की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2017-18 में मंडल में 596 ट्रेनों का औसत था जो पिछले वित्तीय वर्ष में बढ़कर 609 पर पहुंच गया। इसके अलावा इलाहाबाद मंडल ने पिछले वित्तीय वर्ष में टिकट चेकिंग से की जाने वाली आय का भी रिकार्ड बनाया है। देश के सभी मंडलों में इलाहाबाद मंडल इस मामले में अव्वल रहा। यहां 70.6 करोड़ रुपये की आय सिर्फ टिकट चेकिंग से ही रेलवे ने की।
पिछले वित्तीय वर्ष में इलाहाबाद मंडल की तमाम उपलब्धियों के बारे में बुधवार को डीआरएम इलाहाबाद अमिताभ ने बताया कि वर्ष 2018-19 दुर्घटना मुक्त रहा। इतनी संख्या में ट्रेन संचालन के बावजूद मंडल में एक भी एक्सीडेंट नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि मंडल में पहली बार चावल की ढुलाई भी शुरू की गई है। 11 रेलवे स्टेशनों पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य किया गया है। इसे अलावा सूबेेदारगंज, भीरपुर, बिरोही, फतेहपुर, अहरौरा रोड, मिर्जापुर में ट्रेनों के सुगम संचालन के लिए इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग अपग्रेडेशन के अंतर्गत हॉट स्टैंडबाई की व्यवस्था की गई है।
आने वाले समय में इलाहाबाद मंडल में सभी रेल फाटक बंद कर उसमें लिमिटेड हाईट सबवे (एलएचएस), रेल ओवर ब्रिज, रेल अंडर ब्रिज आदि का निर्माण किया जाना है। पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 33 एलएचएस, आरयूबी आदि का निर्माण हुआ है। इस दौरान एडीआरएम अनुराग गुप्ता, एनामुल हक, सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीएससी अमरेश कुमार, पीके यादव, आकांशु गोविल आदि मौजूद रहे।