वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ मेले को देखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मेले के दौरान देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने 50 स्पेशल ट्रेनें मेला अवधि में चलाने का निर्णय लिया है। भीड़ बढ़ने पर रेलवे आवश्यकतानुसार इससे ज्यादा ट्रेनें भी चला सकता है। इसके अलावा इलाहाबाद जंक्शन और उसके आसपास के स्टेशनों पर कुंभ मेले के मद्देनजर किए जाने वाले विकास कार्यों की मियाद भी रेलवे ने निर्धारित कर दी है। इलाहाबाद मंडल के डीआरएम एसके पंकज की मानें तो कुंभ मेले से जुड़े तमाम कार्य सितंबर 2018 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएंगे।
कुंभ मेले के मद्देनजर वर्तमान समय इलाहाबाद और उसके आसपास के स्टेशनों पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि के लागत वाले विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) एसके पंकज ने संवाददाताओं के समक्ष कुंभ के पूर्व एवं मेले के दौरान किए जाने वाले कार्यों का ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि मेला अवधि में 50 स्पेशल ट्रेनें अभी चलाने की योजना है। हर एक स्पेशल ट्रेन 20-20 कोच की रहेगी। अगर एक कोच में 200 यात्री भी सफर करते हैं तो हर एक ट्रेन में चार हजार यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। डीआरएम ने बताया कि मेले के दौरान आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए इससे ज्यादा ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं। रूट वार स्पेशल ट्रेनों का संचालन कहां से होगा यह भी इस बार पहले से तय कर लिया गया है।
रूट वार इन स्टेशनों से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
सूबेदारगंज कानपुर, दिल्ली रूट
इलाहाबाद छिवकी मुगलसराय रूट
नैनी मानिकपुर, झांसी रूट
इलाहाबाद सिटी वाराणसी, गोरखपुर रूट
प्रयाग लखनऊ, फैजाबाद रूट
कुंभ मेले के दौरान यात्री सुविधा के मद्देनजर रेलवे ने इस बार 20 स्थानों पर पूछताछ काउंटर बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत इलाहाबाद जंक्शन पर सात, संगम क्षेत्र में दो, नैनी स्टेशन पर छह, इलाहाबाद छिवकी स्टेशन पर तीन एवं विंध्याचल में दो पूछताछ काउंटर रहेंगे। मेला क्षेत्र के त्रिवेणी रोड एवं फोर्ट रोड पर दो रिजर्वेशन काउंटर भी रेलवे द्वारा बनाए जाएंगे।
0 कुंभ मेले के मद्देनजर जंक्शन पर स्काई वॉक का निर्माण कार्य शीघ्र होगा। इसके बन जाने के बाद जंक्शन के सभी फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) ऊपर ही ऊपर आपस में जोड़ दिए जाएंगे। डीआरएम एसके पंकज का दावा है कि यह काम सितंबर 2018 तक पूरा हो जाएगा। इसका टेंडर हो गया है। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद स्टेशन में 126.70 करोड़ रुपये की लागत से तमाम विकास कार्य किए जा रहे हैं।
जंक्शन पर शुरू होंगे जल्द ये काम
0 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग का काम सितंबर 2018 तक हो जाएगा पूरा।
0 डेढ़ हजार स्टील और आरसीसी बेंच जून 2018 तक जंक्शन और आसपास के स्टेशनों पर लग जाएगी।
0 फरवरी 2018 तक जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 11 का निर्माण पूरा करने की योजना।
0 सितंबर 2018 तक प्लेटफार्म एक, दो, तीन एवं 11 नंबर प्लेटफार्म को फुट ओवर ब्रिज से जोड़ने की योजना।
0 जंक्शन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो आश्रय स्थल का निर्माण सितंबर 2018 तक।
0 सिविल लाइंस साइड की वाहन पार्किंग को हाथी नाला पर शिफ्ट करने का काम।
0 सिविल लाइंस साइड में सौंदर्यीकरण के लिए फाउंटेन का निर्माण कार्य फरवरी 2018 तक।
कुंभ के लिए बाहर से बुलाए जा रहे दो हजार रेलकर्मी
0 कुंभ मेले में लिए विभिन्न जोनल रेलवे से दो हजार रेलकर्मियों को इलाहाबाद बुलाया जा रहा है। इसके अलावा मेला अवधि में एनसीआर अपने भी पांच हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएगा। इस तरह से कुल सात हजार रेलकर्मी कुंभ मेले में अलग से ड्यूटी करेंगे।
सूबेदारगंज में शुरू हुआ नई बिल्डिंग का निर्माण
0 वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ के मद्देनजर सूबेदारगंज में नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण कार्य रेलवे ने शुरू कर दिया है। यहां 44 करोड़ रुपये की लागत से कई काम होने हैं। सितंबर 2018 तक यहां नई इमारत का निर्माण राजरूपपुर साइड में हो जाएगा। यहां एक नया प्लेटफार्म भी बनेगा। उधर नैनी में 11 करोड़ की लागत से यात्री आश्रय स्थल का निर्माण राज्य सरकार के सहयोग से किया जाना है। वहीं दूसरी ओर इलाहाबाद छिवकी स्टेशन पर 44 करोड़ की लागत से कई काम होने हैं। यहां स्टेशन बिल्डिंग के विस्तार के साथ नैनी के लिए थर्ड लाइन, एक नये प्लेटफार्म का कार्य मुख्य रूप से किया जाना है। सभी काम करने की मियाद सितंबर 2018 रखी गई है।