5, 500 citizens paid online home tax
- फोटो : AU
प्रयागराज। स्वच्छता सर्वेक्षण में एप डाउनलोड करने में पिछड़े शहरी इस बार डिजिटल भुगतान करने में आगे आए हैं। इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम के खाते में ऑनलाइन गृहकर का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 5500 पार कर गई है। भवन स्वामियों ने स्वैप मशीन, आरटीजीए आदि डिजिटल माध्यमों से पांच करोड़ रुपये का कर भुगतान किया है।
बीते वित्तीय वर्ष में नगर निगम में डिजिटल भुगतान करने वालों की संख्या एक हजार पार नहीं कर पाई थी। इस बार ई नगर सेवा एप डाउनलोड करने वालों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ी। लोगों एसएमएस से गृहकर संबंधी भुगतान की जानकारी भी दी गई। इसके बाद गृहकर का भुगतान करने वालों ने डिजिटल माध्यमों में तवज्जो दी।
नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार के मुताबिक गृह और जलकर वसूली पर जोर है। लोगों को परेशानी से बचाने और सुविधा के लिए छूट का लाभ दिया जा रहा है। निश्चित अवधि के बाद बकाएदारों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। भवन स्वामी बिना भागदौड़ किए घर बैठे ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
अब तक जमा हुए 20 करोड़
नगर निगम के खाते में 15 जुलाई तक गृहकर के मद में भवन स्वामियों के भुगतान से करीब 20 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। यह धनराशि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी है।
31 जुलाई तक दस फीसदी छूट
गृहकर भुगतान में दस फीसदी छूट का लाभ 31 जुलाई तक ही मिलेगा। महापौर अभिलाषा गुप्ता के निर्देश पर छूट की अवधि जून से बढ़ाकर 31 जुलाई की गई थी।