कंधे पर लगा एक और स्टार, खिल उठे चेहरे
पदोन्नति पाए दरोगा आधिकारिक रूप से बने इंस्पेक्टर
पुलिस लाइन में उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
जिले में पदोन्नति पाकर इंस्पेक्टर बने 39 दरोगाओं के कंधे पर बृहस्पतिवार को एक और स्टार लग गया। उच्चाधिकारियों ने उन्हें पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान नवाजा। कंधे पर तीन स्टार लगने के बाद चेहरे खिले-खिले नजर आए।
प्रदेश में एक दिन पहले ही विभिन्न बैच के 2192 दरोगाओं को होली का तोहफा मिला था। इन्हें सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति दी गई है। इनमें जिले में तैनात 42 सब इंस्पेक्टर भी शामिल थे। पदोन्नति पाने वाले जिले के सब इंस्पेक्टरों के कंधे पर बृहस्पतिवार को एक और स्टार लगाया गया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आईजी रमित शर्मा, एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी सिद्धार्थ शंकर मीणा, सीओ बैरहना सुकीर्ति माधव, सीओ कोतवाली विनीत जायसवाल ने इन्हें सम्मानित किया। कंधे पर एक और स्टार बढ़ने के बाद संबंधितों के चेहरे खिले-खिले नजर आए। इनमें एसओ जार्जटाउन संतोष कुमार शर्मा, एसएसआई सिविल लाइंस बृजेश कुमार यादव, एसओ खुल्दाबाद प्रदीप कुमार समेत 39 लोग शामिल रहे। अफसरों ने बताया कि पदोन्नति पाए दो दरोगाओं का प्रक्रिया के दौरान ही लखनऊ तबादला हो चुका है। इस कारण से वह समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। इसके अलावा एक दरोगा अन्य कारणों से नहीं आ सके।