आयोग में सदस्यों की नियुक्ति जल्द
शासन स्तर पर तेज हुई नियुक्ति की प्रक्रिया
सदस्यों की संख्या कम होने से बढ़ी समस्या
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में सदस्यों के आठ में से पांच पद खाली हो चुके हैं। एक अन्य सदस्य भी इसी माह रिटायर हो जाएंगे और सदस्या की संख्या घटकर महज दो रह जाएगी। सदस्यों के रिटायरमेंट से इंटरव्यू की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, सो शासन स्तर पर सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सदस्यों की नियुक्ति के लिए शासन की ओर से आवेदन लिए जा चुके हैं।
आयोग के सदस्य डॉ. सुनील कुमार जैन, सैयद फरमान अली, मेजर संजय यादव, एके गुप्ता और लोरिक यादव रिटायर हो चुके हैं। डीसी मिश्र भी इसी माह रिटायर हो जाएंगे, जबकि एक अन्य सदस्य को अक्तूबर में रिटायर होना है। अगस्त के बाद आयोग में सदस्यों की संख्या महज दो रह जाएगी। इस बीच आयोग में सीधी भर्ती के तहत सफाई निरीक्षक के 128 और सहायक सांख्यिकी अधिकारी के 94 पदों के लिए इंटरव्यू होना है। इसके बाद पीसीएस-2016 और पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होना है। परिणाम आने के बाद इन दोनों परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों का भी साक्षात्कार होगा। अगर नए सदस्यों की नियुक्ति नहीं की गई तो इंटरव्यू प्रक्रिया का प्रभावित होना तय है।
हालांकि शासन की ओर से सात नए सदस्यों की नियुक्ति के लिए आवेदन लिए जा चुके हैं। शासन ने सदस्यों की नियुक्ति के लिए पहली बाद ऑनलाइन आवेदन लिए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई थी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी हुए ढाई माह से अधिक समय बीत चुका है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि शासन को स्थिति से अवगत करा दिया गया है और शासन स्तर से आश्वस्त किया गया है कि सदस्यों की नियुक्ति शीघ्र कर दी जाएगी, ताकि आयोग की परीक्षाएं प्रभावित न हों। सितंबर तक यह प्रक्रिया पूरी किए जाने की संभावना है।