85 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी आरआरबी की ऑन लाइन परीक्षा
अब 20 अगस्त को होगी भर्ती परीक्षा, इलाहाबाद में 86.90 फीसदी रही उपस्थिति
इलाहाबाद। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की असिस्टेंट लोको पॉयलट एवं तकनीशियन के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा में पांचवें दिन भी अभ्यर्थियों की उपस्थिति का आंकड़ा 80 फीसदी के पार रहा। शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न होने के बाद आरआरबी प्रशासन ने भी राहत भरी सांस ली। शुक्रवार को इलाहाबाद के 11 केंद्रों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति का आंकड़ा जहां 86.90 फीसदी रहा तो वहीं आरआरबी इलाहाबाद के 11 शहरों के 44 केंद्र में 84.44 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
शुक्रवार को इलाहाबाद के अलावा कानपुर, झांसी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, ग्वालियर, रुड़की, हरिद्वार एवं देहरादून में कुल 37327 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने का इंतजाम किया गया था। इस दौरान इन शहरों में बनाए गए 44 केंद्रों में कुल 31893 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। परीक्षा तीन पॉलियो में हुई। अब परीक्षा सोमवार 20 अगस्त को होगी। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी के मुताबिक परीक्षा सभी 44 केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस माह परीक्षा 20, 21, 29, 30 एवं 31 अगस्त को भी होगी।