पूरामुफ्ती स्थित अभय मेमोरियल ट्रस्ट इंस्टीट्यूट में एसएससी परीक्षा के दौरान 23 लोग फर्जीवाड़ा करते गिरफ्तार किए गए। यह सभी किसी और की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। इनमें प्रयागराज के साथ ही बिहार व चित्रकूट के भी युवक शामिल हैं। फिलहाल यह नहीं पता चल सका है कि पकड़े गए लोगों का किसी एक गिरोह से कनेक्शन है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
एसएससी की ओर से शुक्रवार को स्टेनोग्राफर टियर टू परीक्षा का आयोजन विभिन्न केंद्रों पर किया गया था। इसके लिए पूरामुफ्ती के सल्लाहपुर स्थित अभय मेमोरियल ट्रस्ट इंस्टीट्यूट को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों का फोटो मिलान किया जा रहा था। दरअसल, भर्ती की टियर वन परीक्षा का आयोजन पहले हो चुका है और शुचिता के लिए ही टियर वन परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की फोटो से ही मिलान किया जाना था।