22 सब्जी-फल की दुकानें हटवाईं 24 गुमटियां ध्वस्त, विरोध, हंगामा
नैनी में नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
मुर्गे के बाड़े भी ध्वस्त कराए, नौ टट्टर, 16 शेड हटाए गए
प्रयागराज। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने नैनी इलाके में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सड़क, फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराया। सब्जी-फल की 22 दुकानें हटवाई गईं। चार लोहे समेत 24 गुमटियां ध्वस्त करा दी गईं। नौ बांस के टट्टर और 16 शेड भी हटाए गए। छोटे-बड़े सौ से अधिक अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विरोध करते हुए हंगामा किया। पुलिस लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ दिया।
अपर नगर आयुक्त मुशीर अहमद के निर्देश पर जोनल अधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार के साथ दिन में 12 बजे सब्जी मंडी इलाके से अभियान शुरू किया। यहां सब्जी-फल की दुकानें हटवाई गईं। अरेवा कंपनी के पास सड़क किनारे बना एक निर्माण ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान नौ मुर्गे के बाड़े भी उजाड़े गए। कई विज्ञापन पट भी हटाए गए।
मेवा लाल बगिया, सब्जी मंडी, अरेवा कंपनी के पास अतिक्रमण करने वालों ने अभियान का विरोध किया। लोग हंगामा करते हुए तोड़फोड़ रोकने की मांग कर रहे थे। कुछ देर के लिए अभियान बाधित हुआ लेकिन पुलिस ने लाठियां पटककर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। अतिक्रमण करने वालों से मौके पर ही 23 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
मनोज बने नजूल उप प्रभारी
अपर नगर आयुक्त मुशीर अहमद ने अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार को प्रशासनिक व्यवस्था के तहत नजूल उप प्रभारी नियुक्त किया है। वह अतिक्रमण हटाओ अभियान का संचालन भी करेंगे। अभी तक अभियान के प्रभारी रहे अशोक कुमार मिथलेश पूर्व की भांति अब पूरे समय नजूल अधीक्षक का काम करते रहेंगे।