शहर में जाम, कारोबार नहीं रहा आसान
0 सड़क खुदाई से लग रहे जाम से व्यापारी परेशान
0 जाम से निजात के लिए डीएम, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
इलाहाबाद। शहर में लग रहे जाम से आम शहरी तो परेशान हैं ही, कारोबारी भी इससे खासे हताश है। हर रोज लग रहे जाम की वजह से शहर के व्यापारियों के कारोबार में खासा असर पड़ा है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले डीएम, एसएसपी और एसपी ट्रैफिक को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शहर में व्यापारियों के साथ पिछले दिनों हुई लूटपाट के खुलासे की भी मांग की गई।
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में एकत्र हुए व्यापारियों ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्य की वजह से तमाम स्थानों पर सड़कें खोद दी गई है। इस वजह से बाजारों में जाम नियमित रूप से लग रहा है। जाम की वजह से ग्राहक बाजार तक नहीं आ रहे हैं। इसका सीधा असर कारोबारियों पर पड़ा है। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री योगेश गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा कि सड़क खुदाई में लगी संबंधित कार्यदायी संस्था अपने कार्य में तेजी लाए। जाम प्रभावित इलाकों में ट्रैफिक सुचारु चले इसके लिए भी वहां ज्यादा संख्या में जवान तैनात किए जाएं। बैठक में शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं पूर्व में हुई चोरी का खुलासा करने की भी मांग की गई। बैठक में आशीष गुप्ता, अमिताभ गौड़, महेंद्र गोयल, मनीष, नवीन अग्रवाल, रितेश सिंह, शशांक जैन, विपुल मित्तल, प्रखर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।