म्योहर (ब्यूरो)। ओवरलोड बालू-गिट्टी का परिवहन करने वाले वाहन चालकों में एआरटीओ की दहशत साफ नजर आ रही है। गुरुवार की सुबह एक ट्रक चालक बालू लादकर जा रहा था। वह जैसे ही करारी थाने के म्योहर गांव पहुंचा कि मालिक ने रास्ते में एआरटीओ के होने की सूचना दी।
इस पर चालक वाहन को मुख्य मार्ग से हटाकर म्योहर मेला मैदान की ओर साइड लगाने लगा। अधिक लोड होने के कारण सीसी रोड धंस गई और ट्रक पलट गया। हादसे में चालक व क्लीनर बाल-बाल बच गए।
यह हाल किसी एक का नहीं है। सड़क पर एआरटीओ शंकर जी सिंह के होने की सूचना मिलते ही वाहन चालकों के साथ ही मालिकों को पसीना आ जाता है। वह बगैर पुख्ता जानकारी के अपने वालों को तब तक आगे नहीं निकालते जब तक कि एआरटीओ की चेकिंग बंद नहीं हो जाती। हालांकि इतनी सख्ती के बाद भी ओवरलोडिंग जिले में रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसकी बानगी एसडीएम, एआरटीओ, खान निरीक्षक द्वारा आए दिन पकड़े जाने वाले वाहन दे रहें हैं।