वीडीओ भर्ती परीक्षा में 70 फीसदी अभ्यर्थी शामिल
0 ओएमआर की ऑफिस कॉपी लेकर गया अभ्यर्थी, बाद में लौटाई
0 शहर के 58 केंद्रों में हुई परीक्षा, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों पर भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को शहर के 58 केंद्रों में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 70.67 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने से कारण शाम को परीक्षा पूरी होने के बाद बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर अभ्यर्थियों को जमावड़ा लगा रहा। बसों और ट्रेनों में चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों के बीच जमकर धक्कामुक्की भी हुई। एक परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी ओएमआर की ऑफिस कॉपी साथ लेकर चला गया लेकिन, जब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ तो वह कॉपी वापस कर गया।
वीडीओ की परीक्षा दो पालियों सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई। दोनों पालियों में परीक्षा देने के लिए कुल 60720 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 42911 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पहली पाली की परीक्षा के लिए 30360 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 21434 अभ्यर्थी (70.59 फीसदी) परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 8926 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा में 30360 में से 21477 अभ्यर्थी (70.74 फीसदी) उपस्थित रहे और 8883 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
आर्य कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र में पाली की परीक्षा के बाद एक अभ्यर्थी ओएमआर की ऑफिस कॉपी यानी कॉर्बन कॉपी गलती से साथ लेकर चला गया। स्कूल की प्रधानाचार्य सुधा श्रीवास्तव के अनुसार अभ्यर्थी मूल कॉपी जमा करके गया था। कार्बन कॉपी गलती से ले गया लेकिन दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने से पहली उसने ऑफिस कॉपी लौटा दी। उधर, शाम को परीक्षा छूटने के बाद दूसरे जिलों से आए अभ्यर्थी घर लौटने के लिए सीधे बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर पहुंच गए। इससे वहां अफरातफरी का माहौल रहा। परीक्षा छूटने के बाद शहर की कई सड़कों पर जाम भी लगा रहा।