इलाहाबाद को दो राष्ट्रीय राजमार्गों की सौगात
0 ढाई हजार करोड़ की लागत से प्रदेश के 20 राजमार्गों को राष्ट्रीय बनाने की योजना
0 यमुनापार में रामपुर सीधे जुड़ जाएगा मध्य प्रदेश के सिंगरौली से
डॉ. अखिलेश मिश्र
इलाहाबाद।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश को 20 राष्ट्रीय राजमार्ग का तोहफा दिया है। इस पर ढाई हजार करोड़ की लागत आएगी। इन राजमार्गो में से दो इलाहाबाद से होकर गुजरेंगे। इसमें एक नए राजमार्ग 135-सी की शुरुआत यमुनापार के रामपुर चौराहे से होगी, जबकि दूसरे एनएच 319-डी की शुरुआत बदलापुर के पास से होगी। तीन अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग पड़ोसी जिले फतेहपुर, भदोही और जौनपुर से होकर गुजरते हैं। इन राजमार्गों पर काम की शुरुआत अगले महीने से हो जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के उप सचिव राजेश गुप्ता की ओर से इस आशय का पत्र लोक निर्माण विभाग में एनएच खंड को मिल गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 135-सी
0 यमुनापार क्षेत्र में नैनी के आगे मिर्जापुर-इलाहाबाद रोड पर रामपुर चौराहे से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग 135-सी करछना, कोहड़ारघाट, कोरांव, ड्रमंडगंज, मिर्जापुर के हलिया होते हुए मध्य प्रदेश के अवधग्राम, पिपरा, मणिगृह, करनोदिया, बगडारा, छत्रांगी को जोड़ते हुए सिंगरौली के बैढ़न के पास एनएच-39 के जंक्शन तक जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग 319-डी
0 यह राजमार्ग गंगापार में एनएच-19 के बदलापुर जंक्शन से शुरू होकर जौनपुर में मुंगरा बादशाहपुर के निकट एनएच-31 तक जाएगा।
घोषित राजमार्गों में कई अन्य पड़ोसी जिलों फतेहपुर, भदोही और जौनपुर, मिर्जापर, वाराणसी आदि से जुड़े हैं। जिले की सीमा से लगे होने के कारण इनका भी लाभ इलाहाबाद को मिलेगा। जो अन्य जिले लाभान्वित होंगे, उनमें बलिया, लखीमपुर, बाराबंकी, गोरखपुर, सीतापुर, अलीगढ़, महराजगंज आदि शामिल हैं।