फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपीपीएससी : प्रवक्ता भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा में 15046 अभ्यर्थी सफल, 16 विषयों में 1473 पदों पर होनी है भर्ती

Thu, 09 Dec 2021 07:49 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज

सार

प्रवक्ता जीआईसी के पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 19 सितंबर 2021 को आयोजित की गई थी। भर्ती परीक्षा के लिए 491370 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 156957 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
Teacher - फोटो : Social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बृहस्पतिवार को प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के पदों पर भर्ती लिए प्रारंभिक परीक्षा-2020 का परिणाम जारी कर दिया। प्रारंभिक परीक्षा में 15046 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विज्ञापन


कुल 16 विषयों में प्रवक्ता जीआईसी के 1473 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें पुरुष वर्ग के 991 और महिला वर्ग के 482 पद हैं। जिन विषयों में भर्ती होनी है, उनमें हिंदी, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, संस्कृत, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र, भूगोल, इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, उर्दू, वाणिज्य और गृह विज्ञान शामिल हैं। पहली बार प्रवक्ता जीआईसी के पदों पर लिखित परीक्षा के माध्यम से भर्ती कराई जा रही है। इससे पहले इंटरव्यू के माध्यम से सीधी भर्ती होती थी, लेकिन इस बार प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के माध्यम से भर्ती की जाएगी। 

प्रवक्ता जीआईसी के पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 19 सितंबर 2021 को आयोजित की गई थी। भर्ती परीक्षा के लिए 491370 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 156957 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इनमें से 15046 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। मुख्य परीक्षा छह फरवरी 2022 को प्रस्तावित है। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन/परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया के बारे में अलग से विज्ञप्ति जारी की जाएगी। परीक्षा से संबंधित पदवार/श्रेणीवार कटऑफ अंक एवं अभ्यर्थियों के प्राप्तांक से संबंधित सूचना अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

विज्ञापन

मानक से कम अभ्यर्थी हुए सफल
प्रवक्ता जीआईसी की प्रारंभिक परीक्षा में मानक से कम अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया। पदों की संख्या के मुकाबले 13 गुना अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किया जाना था, लेकिन इनमें 11 गुना भी सफल नहीं हो सके। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि कुछ विषयों में न्यूनतम अर्हतांक प्राप्त न करने के कारण निर्धारित संख्या से कम अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं।

सीधी भर्ती की उत्तर कुंजी जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने उत्तर प्रदेश आयुष (होम्योपैथिक) विभाग के तहत होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं कटऑफ जारी कर दिए हैं। आयोग के संयुक्त सचिव लखन लाल शिवहरे के अनुसार प्राप्तांक एवं कटऑफ 10 से 17 दिसंबर तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि के आधार पर प्राप्तांक और कटऑफ अंक देख कर सकते हैं। सीधी भर्ती के परिणाम के बारे में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर कोई विचार किया जाएगा।
विज्ञापन

प्रवक्ता वाणिज्य पद पर एक अभ्यर्थी का चयन निरस्त
उत्तरर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक अप्रैल 2021 को राजकीय महाविद्यालयों में प्रवक्ता वाणिज्य के 87 पदों पर सीधी भर्ती का चयन परिणाम जारी किया था। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार आयोग को ईमेल पर सूचना मिली थी कि क्रम संख्या-64 पर औपबंधिक रूप से चयनित अभ्यर्थी ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस आधार पर आयोग ने संबंधित अभ्यर्थी का चयन निरस्त करते हुए रिक्त हुए पद पर समेकित योग्यता सूची से दिलशाद अंसारी का चयन किया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें