पीसीएस-2019 की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए राहत वाली खबर है। इस परीक्षा में नायब तहसीलदार के डेढ़ सौ और बीडीओ के 35 पद बढ़ गए हैं। पदों की संख्या बढ़कर पांच सौ के करीब पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग इस माह के अंत तक पीसीएस-2019 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर सकता है।
पीसीएस-2019 में पदों की संख्या के साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या भी बढ़ेगी। आयोग ने 309 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। पदों की संख्या के मुकाबले 13 गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए उत्तीर्ण घोषित किया जाना है। ऐसे में पहले 309 पदों के मुकाबले 4017 अभ्यर्थी पास किए जाते लेकिन अब उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तकरीबन 6422 हो जाएगी। यानी तकरीबन 2405 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में अब तक पदों की संख्या के मुकाबले 18 गुना अभ्यर्थी उत्तीर्ण किए जाते थे, लेकिन पीसीएस-2019 से आयोग ने व्यवस्था बदल दी है और पदों की संख्या के मुकाबले 13 गुना अभ्यर्थियों को पास करने का निर्णय लिया है। वहीं, अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि पूर्व की भांति 18 गुना अभ्यर्थियों को ही उत्तीर्ण घोषित किया जाएगा। इस मसले पर अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों आयोग में धरना-प्रदर्शन भी किया था। आयोग ने अभ्यर्थियों की मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया है। इस माह के अंत तक रिजल्ट आना है। ऐसे में परिणाम जारी होने के बाद इस मुद्दे पर विवाद बढ़ सकता है और अभ्यर्थियों का आंदोलन फिर शुरू हो सकता है।