सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा (सामान्य/विशेष चयन) परीक्षा-2019 में 1284 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सफल घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शुक्रवार को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। साक्षात्कार 22 फरवरी से आयोजित किया जाएगा, जिसका विस्तृत कार्यक्रम आयोग बाद में अलग से जारी करेगा। परीक्षा परिणाम आयोग के सूचना बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस परीक्षा के तहत विभिन्न विभागों में सहायक अभियंता के 648 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें सामान्य चयन के 627 और विशेष चयन के 21 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2020 को प्रदेश के पांच जिलों प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, गाजियाबाद और आगरा के विभिन्न केंद्रों में दो पालियों सुबह नौ से 11.30 और दोपहर दो से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए एक लाख 37 हजार 605 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 41 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
यह परीक्षा सात साल बाद आयोजित की गई। इससे पहले वर्ष 2013 में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा का विज्ञापन जारी किया गया था। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार परिणाम से संबंधित प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कटऑफ अंक अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर विचार किया जाएगा। परीक्षा परिणाम पूरी तरह से औपबंधिक है।