अखाड़ा परिषद की 19 की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
0 फ्लाईओवर तथा कुंभ के मद्देनजर हो रहे अन्य कार्यों का कर सकते हैं निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
अखाड़ा परिषद और प्रशासन की 19 मई को होने वाली समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। अभी अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन, इलाहाबाद आगमन का उनका कार्यक्रम तय माना जा रहा है। इस बैठक में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री शहर में बन रहे फ्लाईओवर तथा कुंभ के मद्देनजर होने वाले अन्य कार्यों का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
अखाड़ा परिषद की 19 को होने वाली बैठक में स्नान पर्वों तथा शाही स्नान की तिथियों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। बैठक में कुंभ के दौरान होने वाले अन्य आयोजन तथा कार्यक्रमों की बाबत भी अहम निर्णय लिए जाएंगे। इस बैठक का मकसद अखाड़ा परिषद और प्रशासन के बीच तालमेल को बढ़ाना भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन का महत्व बढ़ गया है। वाराणसी में हादसा के बाद निर्माणाधीन पुलों के आसपास सुरक्षा तथा यातायात के मद्देनजर कई कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा यहां बन रहे सभी पुलों का निर्माण कुंभ से पहले हो जाना है। मुख्यमंत्री इन तैयारियों का भी जायजा ले सकते हैं। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लिखित में अभी कुछ नहीं आया है। इसलिए इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।