यूपी बोर्ड: 10वीं-12वीं का परिणाम 29 अप्रैल को
दोपहर 12:30 बजे मुख्यालय से निदेशक माध्यमिक शिक्षा करेंगे घोषणा
इलाहाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2018 का परिणाम 29 अप्रैल को एक साथ जारी करेगा। सचिव के मुताबिक माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुख्यालय से दोपहर 12:30 बजे परिणाम की घोषणा करेंगे। इसके लिए तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिणाम में कोई गड़बड़ी न रह जाए, इसे लेकर यूपी बोर्ड के उच्चाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। त्रुटियां दुरुस्त कराई जा रही हैं।
निदेशक माध्यमिक शिक्षा 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनको तीन महीने का सेवा विस्तार मिला था। परीक्षा परिणाम को जल्द जारी करने के पीछे निदेशक की सेवानिवृत्ति भी एक मुख्य वजह बताई जा रही है। पहली बार दोनों परीक्षाओं का परिणाम अप्रैल महीने में जारी हो रहा है। इस बार परीक्षा भी पहले शुरू हुई थी। उल्लेखनीय है कि इस बार हाईस्कूल के लिए 3655619 तथा इंटर के लिए 29,81,327 कुल 6636946 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ था। इसमें से करीब 11 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी और दो हजार से अधिक नकलची पकड़ गए थे। हाईस्कूल की परीक्षा 6 फरवरी से शुरू होकर 22 फरवरी तक तथा इंटर की परीक्षा 6 फरवरी से 12 मार्च तक चली थी। अब करीब 55 लाख परीक्षार्थियों के भाग्य का फैसला होना है।