जोन तीन के मम्फोर्डगंज, बेली, सलोरी, चांदमारी इलाके सहित कई स्थानों पर बिना बिजली के 29 नलकूप नहीं चलाए जा सके। सुबह जहां नलकूप चले वहां लोग रोज की तरह पानी नहीं भर पाए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से सुबह समय से पहले नकलूप बंद हुए तो शाम को मोटर चली ही नहीं। रात दस बजे तक मिली सूचना के मुताबिक शहर भर में 110 नलकूप बिजली न मिलने से ठप रहे।
इसी तरह दारागंज, अलोपीबाग, बाई का बाग, अटाला, कल्याणी देवी, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, बेनीगंज, अटाला समेत अन्य इलाकों में नलकूप ठप रहे। लोग पानी के लिए परेशान रहे। शिकायत पर जलकल विभाग ने अपने सभी 50 टैंकरों को प्रभावित स्थानों पर भेजा लेकिन दोबारा टैंकर भेजने के बाद भी पानी की किल्लत बनी रही।
जलकल विभाग के अफसरों के मुताबिक कई स्थानों पर सुबह तो अन्य इलाकों में शाम को बिजली न होने पंप नहीं चले। कई ओवरहेड टैंक भी नहीं भरे जा सके। सोमवार को दिन भर पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। बिजली
मिली तो मंगलवार सुबह जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
बोतल बंद पानी के लिए रही मारामारी
शहर में घरेलू कार्यों के लिए ही नहीं पीने के पानी के लिए लोग भटकते रहे। दोपहर बाद लोगों ने एक नहीं 20-20 लीटर की तीन से पांच बोतलें खरीदीं। जोन तीन के मम्फोर्डगंज, सलोरी समेत कई मोहल्लों में बोतल बंद पानी के लिए मारामारी मची रही। लोग घरेलू इस्तेमाल के लिए ठंड़ा पानी खरीदने से नहीं हिचके।