पांच वर्ष बाद भी 110 शिक्षकों को नहीं मिला एरियर
प्रयागराज। यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज शिक्षक संघ की आम सभा की बैठक बुधवार को हुई। बैठक में एचआरए, एरियर, 2016 में प्रोन्नत शिक्षकों के बकाया एरियर, नए शिक्षकों की पदोन्नति और महाविद्यालय में स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति जैसे अनेक मुद्दों पर चर्चा की गई है।
ऑक्टा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि पांच वर्ष बाद भी 110 शिक्षकों का एरियर नहीं मिल पाया है। महाविद्यालयों का एचआरए, एरियर नहीं मिला। कई शिक्षकों का मेडिकल बिल पिछले एक वर्ष से पड़ा हुआ है। बैठक में इस बात के लिए आक्रोश व्यक्त किया गया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय को पर्याप्त मात्रा में संसाधन नहीं दिया जा रहा है, जिससे समय पर बकाया एरियर का भुगतान किया जा सके है। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस संदर्भ में एक पत्र आक्टा अध्यक्ष को भेजा जाएगा कि इस संदर्भ में है आंदोलन के लिए उचित रणनीति तैयार करें। अध्यक्षता शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. रणधीर सिंह ने की। बैठक में सचिव डॉ. थॉमस अबराहम, पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरपी सिंह, डॉ. सोनाली चतुर्वेदी, डॉ.उमेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
स्वयं सेवकों ने जुटाए गर्म कपड़े
प्रयागराज। ईश्वर शरण पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने बुधवार को सर्दी में गरीबों की मदद के लिए गर्म कपड़े एकत्रित करने का एक दिवसीय अभियान चलाया गया। एनएसएस प्रभारी डॉ. सुमन अग्रवाल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजना श्रीवास्तव एवं डॉ.अरविंद कुमार मिश्र के निर्देशन में विद्यार्थियों ने आसपास के मोहल्लों, कालोनियों में घर-घर जाकर गर्म कपड़े जुटाए। इस दौरान लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई। साथ ही लोगों इसके खतरों से बचाव के संदर्भ में जागरूक रहने के लिए मास्क का प्रयोग करने, भीड़ से बचने तथा सफाई पर ध्यान रखते हुए अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने को जागरूक किया। इस दौरान चंद्रप्रकाश, सुरेंद्र, अमरजीत, रितेश, प्रिया, पूजा, गरिमा, आकांक्षा, अमिता, नीतू आदि उपस्थित रहीं। संवाद
हमें विश्व बंधुत्व की भावनाओं को साकार करना है: कुलपति
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ की ओर से योग अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया। योग महोत्सव का उद्घाटन कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने किया। कुलपति ने योग के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संज्ञानात्मक, भावनात्मक एवं क्रियात्मक पक्षों का समुच्चय ही योग है। योग सिखाता है कि हमें जीवन में एक-दूसरे से जुड़ना चाहिए। हमें व्यक्ति, समाज, विश्व और सबसे ज्यादा प्रकृति के साथ जुड़ना पड़ेगा। योग में पारंगत होने के लिए प्रकृति प्रदत्त नियमों का पालन करना पड़ेगा। हमें विश्व बंधुत्व की भावनाओं को साकार करना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ इस दिशा में सार्थक प्रयास करेगी। उन्होंने शोध पीठ के विकास के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। अतिथियों का पीठ के निदेशक प्रो. गिरजा शंकर शुक्ल ने किया। इस दौरान अमित सिंह, डा. दीप्ति श्रीवास्तव, प्रो. पीपी दुबे आदि उपस्थित रहे। संवाद
परिसर में मास्क की अनिवार्यता पर जोर
प्रयागराज। नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक डॉ. देव नारायण पाठक ने बुधवार को जमुनीपुर परिसर में मास्क तथा परिचय पत्र की जांच के लिए अभियान चलाया। इस दौरान दो छात्र बिना परिचय पत्र के पकड़े गए। उन्हें परिचय पत्र के साथ विश्वविद्यालय में प्रवेश करने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। इस दौरान छात्रों को कोविड-19 के नियमों के तहत मास्क लगाकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने को कहा। इस दौरान डॉ. आलोक मिश्र, डॉ. श्रवण कुमार मिश्र, डॉ. मो. वाकिफ, भूपनारायण, डॉ.विष्णु शुक्ल, किरन सिंह आदि उपस्थित रहीं। संवाद
कोरोना से बचाव के इंतजाम पर छात्र नाराज
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ भवन पर छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर छात्रनेता अजय यादव सम्राट की अगुवाई में बुधवार को भी आंदोलन जारी रहा। अनशनकारियों ने कहा बार-बार पत्र लिखने व स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाह बना हुआ है। ओमिक्रॉन का खतरा मंडरा रहा है लेकिन इसके बावजूद प्रवेश भवन में इसकी खुली धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सैकड़ों की संख्या में छात्र वहां दाखिला लेने के जुट रहे हैं, इसके बावजूद विवि प्रशासन की ओर से इससे बचाव के लिए काई इंतजार नहीं है। इस दौरान नवनीत यादव, अभिषेक, राहुल पटेल, शिव शंकर सरोज, अमित कुमार, शिवपाल यादव, आदित्य कुमार, ललित सिंह, आदि लोग उपस्थित रहे। संवाद