माफिया तथा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी हरी। मारियाडीह, रसूलपुर, काशीपुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने माफिया अतीक अहमद के करीबी रहे जैद के कब्जे से 10 बीघे जमीन खाली कराई।
जैद ने सरकारी बंजर भूमि पर कब्जा कर प्लाटिंग कर दी थी। कई लोगोें ने बाउंड्री भी बनवा रखी थी। कई आधे-अधूरे मकान भी बने थे। जैद ने उन्हें बताया था कि यह बंजर भूमि है लेकिन आगे अब इस पर कोई कार्रवाई नहीं होगी और सस्ती जमीन लेने की लालच में लोग उसके झांसे में भी आ गए। प्लाटिंग का काम अब भी जारी था। डीएम संजय कुमार खत्री के निर्देश पर शुक्रवार को इन भूखंडों को खाली कराया गया।
भारी फोर्स के साथ पहुंचे एसडीएम सदर सौरभ भट्ट की अगुवाई में पूरे क्षेत्र में बुलड्रोजर चला। सभी बाउंड्री तथा अन्य निर्माण ढहा दिए गए। जमीन खरीदने वालों ने इसका विरोध किया लेकिन अफसरों ने उन्हें समझाकर वापस कर दिया। कई लोगों ने तीव्र विरोध किया लेकिन फोर्स के आगे उनकी नहीं चली। एसडीएम का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।