बुलंदशहर में पहासू थाने की हवालात के बाथरूम में शुक्रवार रात एक युवक का शव रोशनदान से लटका मिला। दहेज हत्या के आरोप में नामजद चांद नामक इस युवक को पुलिस ने छह दिन से अवैध हिरासत में रखा हुआ था।
मृतक के परिवार वालों ने पुलिस पर दो लाख रुपये रिश्वत न देने पर हत्या करने का आरोप लगाकर मोर्चरी पर जमकर हंगामा किया।
परिजनों और ग्रामीणों ने शाम को पहासू थाने पर भी हंगामा करते हुए जाम लगाया। चांद की मौत के बाद से पहासू थाने का पूरा स्टाफ फरार है।
सीओ और एसओ समेत पूरा थाना सस्पेंड
डीजीपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ शिकारपुर और एसओ समेत पूरे पहासू थाने को सस्पेंड कर दिया है। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम निधि केसरवानी ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी को सौंप दी है।
एसएसपी ने गैर जनपद के पुलिस से मामले की जांच कराने की सिफारिश की है। पहासू थाने के सभी पुलिस कर्मियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, सीओ को डीजीपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
आत्महत्या के लिए कंबल फाड़ कर बनाई रस्सी
जानकारी के मुताबिक करोरा गांव निवासी चांद की भाभी हुस्ना (25) की आग में जलने से 10 अप्रैल को मौत हो गई थी। हुस्ना के भाई धूमनगंज, इलाहाबाद निवासी शमीम अहमद ने 11 अप्रैल को बहन के पति इस्राइल और देवर चांद समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसएसपी उमेश कुमार सिंह ने बताया कि पहासू पुलिस अरोपी चांद को 25 मई को इलाहाबाद से हिरासत में लेकर आई थी। तभी से चांद पुलिस की हिरासत में था और शुक्रवार रात उसने पहासू थाने की हवालात के बाथरूम में रोशनदान से लटकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या के लिए उसने कंबल फाड़ कर रस्सी बनाई थी। हवालात में पुलिस ने रात में ही पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चांद की मौत के बाद परिजनों का बवाल
मृतक चांद की बहन अकीला ने पुलिस पर दो लाख रुपये रिश्वत नहीं देने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को बुलंदशहर मोर्चरी में जमकर हंगामा किया। वहीं, चांद की मौत के बाद से ही पहासू थाने का स्टाफ फरार हो गया है। केवल एक एसआई, मुंशी और सिपाही बचे हैं।
मामला संज्ञान में आते ही डीजीपी ने सीओ शिकारपुर सुधीर कुमार, एसओ पहासू श्यामलाल पांडेय समेत पूरा थाना सस्पेंड कर दिया है।
सीओ को डीजीपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मृतक चांद के नाबालिग भाई राजू की तहरीर पर पुलिस ने पहासू थाने के सभी कर्मचारियों पर गैर इरादतन हत्या, अवैध हिरासत में रखने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।