कुछ दोस्त युवक को होली मिलने की कह कर अपने साथ ले गए। लौटने पर युवक की तबीयत खराब थी। युवक को इगलास में निजी चिकित्सक के पास ले गए, वहां से अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
इगलास कोतवाली के गांव बींझैरा में दोस्तों के साथ होली मिलने गए युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक के चाचा ने विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
राजकुमार पुत्र नेत्रपाल शर्मा ने बताया कि 24 मार्च की शाम चार बजे अंकित पुत्र रामकिशन निवासी बीझैंरा, उसके साथी मोनू पुत्र मोती सिंह, वीकेश पुत्र नामलूम निवासीगण सिमरधरी और एक अज्ञात उनके घर आए। ये लोग होली मिलने जाने के लिए भतीजे संतोष को बुलाकर अपने साथ ले गए। शाम करीब सात बजे संतोष घर लौटा तो उसकी तबीयत ठीक नहीं थी।
अंकित ने बताया कि बर्गर खाए हैं, जिससे तबीयत बिगड़ी है। इसके बाद भतीजे को उल्टियां होने लगी। भतीजे को इगलास में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से अलीगढ़ के एक निजी नर्सिंग होम में ले गए। वहां से जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सक ने संतोष को मृत घोषित कर दिया।