हर वर्ष 30 जून विश्व सोशल मीडिया दिवस के रूप में मनाया जाता है। विश्व में सोशल मीडिया दिवस सबसे पहले 2010 में मनाया गया था। आज के दौर में लोग सोशल मीडिया के जरिए घर बैठे लाखों, करोड़ों रुपये कमा रहे हैं। बात चाहे यात्राओं की हो, खान-पान की या फिर फैशन की,देश -विदेश की बड़ी कंपनियां ऐसे लोगों को, जो इंटरनेट पर ज्यादा फॉलोअर्स रखते हैं, अपने उत्पाद के विज्ञापन के लिए पैसे दे रही हैं।
रील की दुनिया में लोग इतना मग्न हो गए हैं, की आज रियल को भूल गए हैं। सोशल मीडिया पर अधिकतर लोग अपनों के लिए प्यार दिखाते है पर असल में कई बार ऐसा नहीं होता है। कई इनफ्लुएंसर ऐसे भी हैं जिनको सोशल मीडिया के जरिए बहुत प्यार मिला और कुछ दिन बाद ही वो एक दूसरे से अलग नजर आए।
मेटा की रिपोर्ट के अनुसार दर्शक फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए लगभग 200 बिलियन रील रोज देखते हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है। वहीं भारत इंस्टाग्राम रील का सबसे बड़ा बाजार है, जहां लगभग 327 मिलियन लोग इंस्टाग्राम प्रयोग करते है, जिसमें 53.9 प्रतिशत पुरुष और 46.1 प्रतिशत महिलाएं हैं। क्या आप जानते हैं 2023 में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली रील को 350 मिलियन लोगों ने देखा था, जो भारत के फ्रीस्टाइल फुटबॉलर मुहम्मद रिजवान की थी।
कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से चोरों को भी मदद मिलती है। घर से बाहर घूमने गए लोग अक्सर पोस्ट कर देते हैं, जिससे चोरों को पता चल जाता है और घर साफ हो जाता है। अलीगढ़ के जाने-माने
सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर बबलू राघव का कहना है कि पहले मुझे कम लोग जानते थे, जब से मैंने लोगों को सोशल मीडिया से पैसा कमाने के बारे में बताना शुरू किया है, तब से एक नई पहचान मिली है।आजकल लोग किसी और के फोटो डालकर उनके निजी जीवन को ठेस पहुंचाते हैं और उनसे पैसा कमाते हैं, जो गलत बात है।