अलीगढ़ के राधेकृष्ण गो सेवा भवन निराश्रित गो आश्रय स्थल धनीपुर मूसेपुर जलाल में महिलाएं गाय के गोबर से विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। मां कमलेश समाजसेवा फाउंडेशन की ओर से यह पहल की गई है। महिलाओं को शहर से 50 हजार दीपक का ऑर्डर मिल चुका है। अयोध्या से भी दीपक बनाने का ऑर्डर आया है। लक्ष्मी गणेश और हनुमान की मूर्तियों के भी ऑर्डर आने लगे हैं।
विज्ञापन
मूसेपुर जलाल की प्रधान रमा सिंह तोमर इस मुहिम से ग्रामीण महिलाओं को जोड़कर उन्हें स्वावलंबी बना रही हैं। यह कार्य एक महीने पहले प्रारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और भारतीय संस्कृति के संस्कारों को बनाए रखना है। गोशाला के संचालक ठाकुर सतेंद्र सिंह तोमर ने सरिता देवी, गीता देवी, ललिता देवी, सुनीता, राजरानी, लक्ष्मी, पूनम, चेतन, सुमन देवी और सुधा सहित 17 महिलाओं को समूह में जोड़ा। ये महिलाएं तीन समूहों में काम कर रही हैं।
गोबर, मुल्तानी मिट्टी और ग्वार के बीज के पाउडर का हो रहा प्रयोग
मूर्तियों को तैयार करने के लिए गाय का गोबर, मुल्तानी मिट्टी, ग्वार के बीज का पाउडर, चूना, पानी के रंग और रेशम का धागा जैसी सामग्री का प्रयोग होता है। प्रधान रमा सिंह तोमर ने महिलाओं को गो गोबर से उत्पाद बनाने के लिए प्रेरित किया है।