महानगर के थाना गांधीपार्क क्षेत्र के सराय दुबे में दहेज लोभियों ने गर्भवती महिला के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि विवाहिता का एक निजी अस्पताल में गर्भपात भी करा दिया। पीड़िता की पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसनीगेट थाना क्षेत्र के शिव विहार निवासी दीक्षा तौमर की शादी 18 अप्रैल 2018 को सराय दुबे निवासी पवन कुमार से हुई थी। परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में खर्चा किया। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ससुरालियों ने दहेज की मांग करना शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने लगे। गर्भवती होने पर ससुरालियों ने चेकअप का बहाना कर सासनी गेट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति पवन कुमार, ससुर रनवीर, सास राजवाला, मोनिका, प्रियंका और जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर वंशीधर पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।