खैर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला ने ननदोई और उसके दो दोस्तों पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसका गला दबाकर मारने का भी प्रयास किया। थाने से न्याय न मिलने पर बुधवार को पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
एसएसपी ने थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में महिला ने कहा है कि वह खैर स्थित एक गांव में रहती है। मंगलवार की शाम वह घर पर अकेली थी। तभी ननदोई अपने दो दोस्तों को लेकर आ गया। आरोप है कि ननदोई ने अपने दोस्तों की मदद से महिला संग दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। गला दबाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग गए। पीड़िता थाने पहुंची तो पुलिस ने मामला घरेलू बताकर महिला का टरका दिया। बुधवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ।