करीब छह माह पहले ही आरती की शादी सोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद से कुमकुम अधिकतर समय अपनी मां से ज्यादा चाची के पास रहकर ही खेलती थी। आरती भी कुमकुम को बेहद प्यार करती थी। लेकिन प्रेम संबंधों के चलते उसके दिमाग में ऐसी सनक सवार हो गई कि यदि कुमकुम जिंदा रही तो उसका राजफाश हो जाएगा। कुमकुम की हत्या के बाद आरती बेहद अफसोस कर रही है कि जिस राज को छुपाने के लिए उसने मासूम को मारा, वह अब राज न रहकर सबके सामने आ गया और अब न जाने कितने दिन जेल में काटने होंगे। जेल जाते समय वह रो पड़ी। उधर, पूरा गांव आरती और उसके प्रेमी भानु को कोस रहा है कि अपना पाप छिपाने के लिए मासूम को मार डाला।
गुमसुम रह रही थी महिला
कुमकुम के गायब रहने से आरती गुमसुम रह रही थी। चेहरा भी उतरा हुआ था। जब तब कुमकुम की बात करते हुए आंखों में आंसू भी आ जाते थे। तो घर वाले समझते कि आरती का कुमकुम से बेहद लगाव था, इसलिए उसे उसकी याद सता रही है। घर वालों को जरा भी नहीं लगा कि महिला मासूम की हत्या कर चुकी है। जब सीसीटीवी मदद से पुलिस ने घटना का राजफाश किया तो परिजनों को पैरों तले भी जमीन खिसक गई।
बच्ची के गायब होने की सूचना पर पुलिस टीम, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड को खुलासे में लगाया गया था। सीसीटीवी की मदद भी ली गई। पुलिस ने जांच पड़ताल में पाया कि अवैध संबंध को छुपाने के लिए बच्ची की चाची ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। दोनों आरोपी और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। -पलाश बंसल, एसपी देहात