भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत।
- फोटो : CITY OFFICE
जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो गया है। अब सबके मन में एक ही प्रश्न है कि भाजपा अपना कब्जा बरकरार रख पाएगी या फिर कुछ सीटें कम हो जाएंगी। हालांकि, पार्टी का दावा है कि जनपद की सभी सीटों पर फिर से कमल खिल रहा है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विरोधी पार्टियों का सफाया कर दिया था। जनपद की सातों सीटों पर भाजपा का कब्जा हुआ था। इस चुनाव में शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव राजा एवं बरौली विधान सभा क्षेत्र के विधायक दलवीर सिंह को छोड़कर अन्य सभी विधायक मैदान में हैं। संजीव राजा के स्थान पर उनकी पत्नी मुक्ता राजा एवं दलवीर सिंह के स्थान पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी ठाकुर जयवीर सिंह को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया था। सभी सातों प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।
जिले की राजनीति में है भाजपा वर्चस्व
जिले की राजनीति में भाजपा का वर्चस्व है। सातों विधायकों के साथ ही अलीगढ़ एवं हाथरस के सांसद भी भाजपा के हैं। दो एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह एवं ठाकुर जयवीर सिंह हैं। नगर निगम में महापौर बसपा के हैं लेकिन सदन में बहुमत भाजपा पार्षदों का है। इसी तरह जिला पंचायत की राजनीति की बागडोर भाजपा के हाथ में है। जनपद के 12 में से 11 ब्लाक प्रमुख भाजपा के हैं। सहकारी बैंकों पर भाजपा का दबदबा है।
- शहर विधान सभा से 25 हजार एवं कोल विधान सभा से 50 हजार से अधिक मतों से हमलोग जीत रहे हैं। सपा के दफ्तर पर यहां का ताला लग जाएगा। भाजपा के गढ़ में जबरदस्त मतदान हुआ है।
- डॉ. विवेक सारस्वत, महानगर अध्यक्ष, भाजपा