जमालपुर में बारिश के बाद हुआ जलभराव ।
- फोटो : CITY OFFICE
बारिश के बाद एक बार फिर शहर में जलभराव हो गया है। इससे नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। कई क्षेत्रों में जलभराव एवं गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। बुधवार की बारिश से लोगों को राहत भी नहीं मिली थी कि बृहस्पतिवार को फिर से बारिश हो गई है। नतीजा यह हुआ कि जिन जगहों पर पानी थोड़ा कम भरा था, वहां फिर से जलभराव हो गया।
रामघाट रोड पर पीएसी पेट्रोल पंप के पास स्थिति विकट हो गई है। अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि तक समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं। रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, सुदामापुरी, गुरुद्वारा रोड, सुरेंद्रनगर, विष्णुपुरी एक्सटेंशन, नगला ताड़, पान दरीबा, महेंद्रनगर, रावण टीला, ज्वालापुरी, रघुवीरपुरी, शाहजमाल, अशोकनगर, तस्वीर महल, नई बस्ती, खैर रोड आदि में जलभराव हो गया है। कामाख्या मंदिर क्षेत्र में केवल विहार से लेकर नगला मौलवी तक की सड़क पर घुटने पर पानी है। पार्षद नीलेश उपाध्याय का कहना है कि सड़क ऊंची किए बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है। विधायक को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं। भुजपुरा क्षेत्र में स्थिति बेहद खराब है। कब्रिस्तानों में घुटने पर पानी है। इस्लामनगर व अलीनगर में जलभराव है। इसके अतिरिक्त शाहजमाल क्षेत्र में भी लोग जलभराव से जूझ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार गुप्ता का कहना है कि जलभराव से शहर में बीमारी फैलने का खतरा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि सभी पंपिंग स्टेशन को पूरी क्षमता से चलाया जा रहा है।